ट्रम्प ने दक्षिण कोरिया के साथ मिलिट्री ड्रिल घटाई
ट्रम्प ने दक्षिण कोरिया के साथ मिलिट्री ड्रिल घटाई:बोले- इससे नॉर्थ कोरिया को गलत मैसेज जाता है, किम जोंग उन से मेरे अच्छे रिश्ते
अमेरिका ने दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले सैन्य अभ्यासों को कम करने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को अभ्यासों में कटौती करने का आदेश दिया है।
ट्रम्प ने कहा,
किम जोंग उन के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। मैं दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास के फैसले से खुश नहीं हूं। ये अभ्यास बहुत महंगे हैं और ऐसे देश के खिलाफ किए जा रहे हैं, जिसने मेरे राष्ट्रपति रहने के दौरान अमेरिका के लिए कोई खतरा पैदा नहीं किया था।

हालांकि ट्रम्प के बयान के कुछ घंटे बाद ही अमेरिका और दक्षिण कोरिया का सालाना उल्ची फ्रीडम शील्ड सैन्य अभ्यास सोमवार से शुरू हो गया। दक्षिण कोरिया की सेना ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ट्रम्प के बयान के बाद इस अभ्यास में कोई बदलाव किया गया है या नहीं।
10 दिन तक चलेंगे युद्धाभ्यास
अमेरिका और दक्षिण कोरिया का उल्ची फ्रीडम शील्ड अभ्यास 10 दिन तक चलेंगे। इसमें दक्षिण कोरिया के करीब 18 हजार सैनिक हिस्सा लेंगे।
सैनिक इस दौरान असली युद्ध जैसी परिस्थितियों में ट्रेनिंग करेंगे। इसमें गोली चलाने की प्रैक्टिस, पानी वाले इलाकों को पार करना और सैन्य सामान एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाना शामिल है।
इस बार अभ्यास में ड्रोन हमलों, GPS सिग्नल बाधित होने (जैमिंग) और साइबर हमलों से निपटने का प्रशिक्षण भी शामिल किया गया है।
अमेरिका और दक्षिण कोरिया का कहना है कि इस अभ्यास का मकसद किसी देश पर हमला करना नहीं, बल्कि उत्तर कोरिया के संभावित हमले से निपटने की तैयारी करना है।

70 साल पुराना है दोनों देशों का रक्षा गठबंधन
दक्षिण कोरिया पिछले 70 साल से अमेरिका का सबसे करीबी सहयोगी रहा है। दोनों देशों के बीच आपसी रक्षा संधि है, जिसका अहम मकसद उत्तर कोरिया से सुरक्षा देना है।
दक्षिण कोरिया में अमेरिका का विदेशों में सबसे बड़ा सैन्य अड्डा कैंप हम्फ्रीज भी है। यहां हजारों अमेरिकी सैनिक, उनके परिवार और दक्षिण कोरियाई कर्मचारी रहते हैं।
उत्तर कोरिया ने सैन्याभ्यास किया था विरोध
उत्तर कोरिया लंबे समय से इन सैन्य अभ्यासों का विरोध करता रहा है। पिछले हफ्ते उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने इन्हें ‘युद्ध की तैयारी की रिहर्सल’ बताया था। उसने कहा था कि ये अभ्यास उसकी सुरक्षा के लिए ‘गंभीर खतरा’ हैं।
ट्रम्प के बयान के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि वह इस मामले को देख रहा है। साथ ही, दक्षिण कोरिया अपनी सुरक्षा के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करता रहेगा और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग मजबूत रखने के लिए बातचीत जारी रहेगी।
ट्रम्प और किम की 3 बार मुलाकात हुई
ट्रम्प और किम जोंग उन 2018 से 2019 के बीच तीन बार मिले थे। दोनों की पहली मुलाकात जून 2018 में सिंगापुर में हुई थी।
इसके बाद फरवरी 2019 में वियतनाम और जून 2019 में दोनों नेता फिर मिले। इन बैठकों में उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन कोई बड़ा समझौता नहीं हो सका।
सैन्य अभ्यास कम करने के ऐलान से एक दिन पहले ट्रम्प ने किम के साथ अपनी पुरानी तस्वीर भी शेयर की थी। उन्होंने कहा था कि दोनों के रिश्ते अच्छे हैं।

ट्रम्प पहले भी अभ्यास रोक चुके हैं
2018 में किम से मुलाकात के बाद ट्रम्प ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यासों को रोकने की घोषणा की थी। उन्होंने इन्हें महंगा और उत्तर कोरिया के लिए उकसाने वाला बताया था। बाद में दोनों देशों ने सैन्य अभ्यास फिर शुरू कर दिए थे।











